✍️रन्नो सिंह
थाना क्षेत्र के भैरवा गांव में होली के दिन फाग कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में एक युवक की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने सात नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भैरवा गांव निवासी करीब 30 वर्षीय कुलदीप पासवान पुत्र रामधनी 5 मार्च को गांव में निकली फाग की टोली के साथ गाते-बजाते पुराने मंदिर के पास पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अमन तिवारी अपने साथियों के साथ लाठी-डंडा लेकर पहुंच गया और कुलदीप की पिटाई कर दी।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल कुलदीप को ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया, जहां 7 मार्च को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की बहन अंजू देवी ने बताया कि कुलदीप मजदूरी कर अपने वृद्ध माता-पिता का पालन-पोषण करता था। पत्नी के मायके चले जाने के बाद वह अकेले ही माता-पिता की देखभाल कर रहा था। उसकी मौत से परिवार का सहारा छिन गया है।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि 5 मार्च को मारपीट की घटना हुई थी। घायल को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया था, जहां 7 मार्च को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर प्रधान राकेश कुमार गुप्ता, राजेंद्र तिवारी, अमन तिवारी, ब्रह्मभेष तिवारी, विपिन तिवारी, आशीष तिवारी और शिवा तिवारी सहित सात नामजद तथा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन आरोपियों राजेंद्र, राकेश और विपिन को हिरासत में लेकर पूंछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ