✍️रन्नो सिंह
✍🏻 *फतेहपुर* । उत्तर प्रदेश सरकार ने जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा कदम उठाते हुए फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह को पद से हटा दिया है। उनकी जगह भदोही के एसपी अभिमन्यु मांगलिक को फतेहपुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
सरकार ने जिले में कानून व्यवस्था को लेकर उठे सवालों और लगातार सामने आ रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया। हटाए गए एसपी अनूप सिंह को अब उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी मुख्यालय, लोक भवन लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। नए एसपी अभिमन्यु मांगलिक वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह सहारनपुर में एएसपी, वाराणसी में एएसपी/सीओ सिटी तथा लखनऊ में एएसपी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। भदोही उनका पहला जिला था, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाला था। फतेहपुर में यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। गौरतलब है कि अनूप सिंह ने मई 2024 में फतेहपुर के एसपी के रूप में कार्यभार संभाला था। उनके लगभग 11 महीने के कार्यकाल के दौरान जिले में अपराध की कई घटनाएं चर्चा में रहीं। हालांकि कुछ मामलों का पुलिस ने खुलासा भी किया, लेकिन उनकी विदाई को जनता तीन प्रमुख घटनाओं से जोड़कर देख रही है।
पहला मामला चौफेरवा में सुशील श्रीवास्तव के परिवार की सामूहिक आत्महत्या से जुड़ा है। इस घटना के लगभग 20 घंटे बाद एसपी मौके पर पहुंचे थे, जबकि प्रयागराज के एडीजी और आईजी रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे और एसपी की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई थी। दूसरा मामला जिले के बड़े जमींदार जयराज मानसिंह हत्याकांड से जुड़ा है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को जेल भेजा था, लेकिन मृतक का परिवार पुलिस के खुलासे से संतुष्ट नहीं था और एडीजी से विस्तृत जांच की मांग की थी। तीसरा मामला असोथर ब्लॉक के सरकंडी का है, जहां भाजपा नेता संतोष द्विवेदी के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगा था। इस मामले की शिकायत शासन स्तर तक पहुंची थी।
इन्हीं घटनाओं के बीच सरकार ने जिले की कानून व्यवस्था को देखते हुए एसपी अनूप सिंह को हटाने का निर्णय लिया और अभिमन्यु मांगलिक को फतेहपुर की जिम्मेदारी सौंप दी।
0 टिप्पणियाँ